Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। मेरठ में समाजवादी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशियों ने सोमवार को वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। स्नातक सीट से प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट और शिक्षक सीट से डॉ. नितिन तोमर ने अपना नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों के समर्थन में उत्साह जताया और चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन किया।
सपा प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला अध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने शिक्षक और स्नातक वर्ग से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन तक पहुंचाने का अवसर है।
प्रताप सिंह चौहान ने कहा, “समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और पीडीए की भागीदारी के मुद्दे को लगातार मजबूती से उठा रही है। प्रमेंद्र सिंह भाटी और डॉ. नितिन तोमर का नामांकन पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का विषय है। दोनों प्रत्याशी शिक्षक, स्नातक, युवाओं और कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का काम करेंगे।”
उन्होंने कहा कि “पार्टी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव में जुटेंगे। धौलाना विधानसभा क्षेत्र में भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान लगातार जारी है। मिशन-2027 को लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ-बूथ पहुंचकर जनता से संवाद कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।”


0 Comments