Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। खेलों के प्रति युवाओं में उत्साह और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को पिलखुवा के मोनार्ड यूनिवर्सिटी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सुना।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने खेलों को देश की युवा शक्ति से जोड़ते हुए खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और सुविधाएं विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विभु बंसल ने कहा कि बदलते भारत में खेल अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और करियर का महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुके हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
मोनार्ड यूनिवर्सिटी परिसर में कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्रधानमंत्री के संवाद के दौरान युवाओं ने खेलों को लेकर दिए गए संदेश को ध्यानपूर्वक सुना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, जिला युवा एवं खेल अधिकारी एकता मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, जिला मीडिया प्रभारी अमित टांक, दीपक राबिया और मंडल कोषाध्यक्ष अंकुर गहलौत समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।


0 Comments