Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। घरेलू कलह के कारण बिखरने की कगार पर पहुंचे परिवारों को बचाने में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की काउंसलिंग अहम भूमिका निभा रही है। शुक्रवार को बाबूगढ़ थाना पुलिस ने ऐसे पारिवारिक मामलों में समझौते के बाद संतुष्ट महिलाओं को थाने बुलाकर सम्मानित किया। पुलिस ने महिलाओं से बातचीत कर यह भी जाना कि समझौते के बाद उनके पारिवारिक जीवन में किसी तरह की परेशानी तो नहीं है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक मनीषा पाल ने टीम के साथ महिलाओं का पटका पहनाकर सम्मान किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मामलों का फॉलोअप लेते हुए महिलाओं से उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई और काउंसलिंग से वह पूरी तरह संतुष्ट हैं तथा अब उनके सामने कोई समस्या नहीं है।
महिलाओं ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र में पारिवारिक विवादों को बातचीत और समझाइश के जरिए सुलझाने की पहल से कई घर टूटने से बच रहे हैं। उन्होंने पुलिस की इस व्यवस्था को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को 1090, 1098, 112, 1930 और 1076 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का सहारा लिया जा सकता है। महिलाओं ने त्वरित पुलिस सहायता और काउंसलिंग व्यवस्था को लेकर संतोष जताया।


0 Comments