Report By: Nadeem Naqvi
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग की जांच शुरू, आरोप सही मिले तो होगी कड़ी कार्रवाई
हापुड़। शहर का वेलनेस अस्पताल एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि अस्पताल में पूजा नाम की एक बिना डिग्री वाली नर्स ऑपरेशन करती दिखाई दे रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गौरतलब है कि वेलनेस अस्पताल पहले भी लापरवाही के आरोपों में घिर चुका है। पूर्व मे नगर के गांव बदनौली निवासी 24 वर्षीय मेधा की प्रसव के बाद कथित चिकित्सीय लापरवाही के चलते मौत हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि डिलीवरी के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया, जिससे मेधा की अस्पताल में ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और बाद में स्वास्थ्य विभाग ने जांच के उपरांत अस्पताल को सील कर दिया था।
अब एक बार फिर अस्पताल का नाम गंभीर आरोपों के साथ सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिना योग्य चिकित्सकीय स्टाफ से ऑपरेशन कराए जाने के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मरीजों की जान से सीधा खिलवाड़ है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी किशोर आहूजा का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो अस्पताल और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।













0 Comments