हापुड़- रविवार की पैठ पर विराम से कारोबारियों में मायूसी, सपा ने डीएम से की स्थायी व्यवस्था की मांग


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। रविवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ का संचालन बंद होने के बाद छोटे व्यापारियों और सामान बेचकर परिवार चलाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पैठ के लिए नया स्थान निर्धारित कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया है।
सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर ने कहा कि हापुड़ में साप्ताहिक पैठ लंबे समय से छोटे कारोबारियों की आय का प्रमुख माध्यम रही है। रविवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर घरेलू सामान, कपड़े, जूते-चप्पल, खान-पान और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री करते थे। इससे कम पूंजी में कारोबार करने वाले लोगों को अपनी आजीविका चलाने का अवसर मिलता था।
उन्होंने बताया कि समय के साथ पैठ का स्थान बदला गया। पहले अतरपुरा चौपला से कोठीगेट और गोल मार्केट क्षेत्र में पैठ लगती थी। इसके बाद इसे रामलीला मैदान में संचालित किया गया, लेकिन वहां विवाद उत्पन्न होने के बाद पैठ बंद हो गई। इसका सीधा असर उन परिवारों पर पड़ा है, जिनकी साप्ताहिक आमदनी इसी कारोबार पर निर्भर थी।
आनंद गुर्जर ने प्रशासन से मांग की कि शहर में यातायात और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पैठ के लिए उपयुक्त स्थान तय किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर स्थायी व्यवस्था होने से छोटे व्यापारियों को राहत मिलेगी और लोगों को भी रविवार बाजार की सुविधा मिल सकेगी।

पार्टी की ओर से जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में पैठ को पुनः संचालित कराने के लिए शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया गया है। इस दौरान दीपिका चुग, प्रीति सिंह, अमित शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments