Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तीसरे चरण की समीक्षा बैठक बुधवार को पिलखुवा स्थित नगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक चेतन चौहान के साथ पीसीसी पर्यवेक्षक पंकज तेजानिया, नरेंद्र चौहान और रिजवान कुरैशी पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक चेतन चौहान ने कहा कि हापुड़ जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता इसी तरह एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरते हैं तो 2027 में भाजपा को हराने में कांग्रेस सफल होगी।
पिलखुवा नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी ने कहा कि उनका लक्ष्य धौलाना विधानसभा सीट पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाना है। उन्होंने कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने के साथ ही पिलखुवा के सभी 25 वार्डों में पार्टी प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है।
बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय पर्यवेक्षक चेतन चौहान ने बताया कि राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत कार्यकर्ताओं से संवाद कर पूर्व और वर्तमान जिलाध्यक्ष व शहर अध्यक्ष के कार्यकाल को लेकर उनकी राय जानी जा रही है और नए नामों के सुझाव भी लिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हापुड़ में जिलाध्यक्ष पद के लिए अब तक करीब 11 से 12 नाम तथा नगर अध्यक्ष पद के लिए 3 से 4 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पार्टी की प्रक्रिया अभी जारी है, इसलिए नामों का खुलासा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष की घोषणा कांग्रेस के दिल्ली स्थित मुख्यालय से की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन दाऊद खान और नरेश भाटी ने किया। इस दौरान शहर अध्यक्ष हापुड़ इरफान अहमद, पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पूर्व प्रदेश महासचिव विजय गोयल, पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, रश्मि चौधरी, गौरव गर्ग, डॉ. सलेकचंद, सौरभ शर्मा, पवन कौशिक, बॉबी त्यागी, यशपाल ढीलोर, देवेंद्र कुमार, सुरेंद्र सिंह, सुधीर शर्मा, एडवोकेट फुरकान, शहजादा चौधरी, अमित अग्रवाल, गुलफाम अली, गोपाल भारती, महबूब अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।













0 Comments