हापुड़- कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की बैठक, कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। कांग्रेस के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को सिम्भावली के ग्राम सिखेड़ा में संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में एआईसीसी ऑब्जर्वर चेतन चौहान तथा पीसीसी ऑब्जर्वर नरेंद्र चौहान और पंकज तेजानिया पहुंचे। चेतन चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस को मजबूत किए बिना केंद्र में पार्टी की सरकार बनाना संभव नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर संगठन को गांव-गांव तक सक्रिय करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं और जनता से सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति का आकलन करना है। इसी प्रक्रिया के तहत जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के कामकाज को लेकर कार्यकर्ताओं की राय भी ली जा रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि सिखेड़ा में पार्टी की बैठक में लगातार लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पद उनके लिए महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि कांग्रेस के कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए काम करना ही उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट शहजादा चौधरी ने किया। इस दौरान शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, अरविंद शर्मा, रजनीश त्यागी, मुकेश कौशिक, जितेंद्र नागर, बिजेंद्र त्यागी, डॉ. शोएब समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments