हापुड़- सपा का चुनावी शंखनाद, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल बोले 2027 में बनेगी अखिलेश सरकार


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। नगर क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित वंश गार्डन में रविवार को समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्यामलाल पाल ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के लोग सामाजिक न्याय और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पेपर लीक, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर छात्र-युवा लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत बताया।
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वहीं, आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान समाज के वंचित वर्ग के छात्रों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं और उन पर कार्रवाई छात्रों के भविष्य को प्रभावित करती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी और अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जाएगी। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष किशन सिंह तोमर, पूर्व विधायक असलम चौधरी, प्रताप सिंह चौहान, तेजपाल प्रमुख, रविंद्र यादव, संजय यादव, पदम सिंह जाटव, अय्यूब सिद्दीकी, ललित सिंह, दिग्विजय शिशोदिया, पुरुषोत्तम वर्मा आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments