Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर धौलाना विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान इन दिनों क्षेत्र के गांवों का लगातार दौरा कर आम जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान वह ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और पार्टी की नीतियों एवं आगामी रणनीति से अवगत करा रहे हैं।
प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि समाजवादी पार्टी गांव, किसान, नौजवान और मजदूर के मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच काम कर रही है। उनका कहना है कि प्रदेश में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे लोगों की प्रमुख चिंताएं हैं, जिन्हें लेकर समाजवादी पार्टी संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने कई गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सुझाव भी लिए। लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, किसानों की समस्याओं और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दे उनके सामने रखे। प्रताप सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि इन जनसमस्याओं को पार्टी मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा और जनता की आवाज बनने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वर्ग के हितों की रक्षा और विकास को प्राथमिकता देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि कार्यकर्ता इसी तरह जनता के बीच सक्रिय रहेंगे तो आगामी विधानसभा चुनाव में धौलाना समेत पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव को लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।













0 Comments