हापुड़- कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, संवेदनहीनता और कानून व्यवस्था को लेकर बोला तीखा हमला


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित जिला कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, संवेदनहीनता और कानून व्यवस्था को लेकर जमकर हमला बोला।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि महोबा की दलित छात्रा के अपहरण और उसके साथ हुई दरिंदगी की घटना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता को 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, लेकिन सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने पर भाजपा सरकार बौखला गई है और उनके खिलाफ धरना-प्रदर्शन कराए जा रहे हैं।

शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके मंत्री कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि उनका सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी टोरंट का 430 करोड़ रुपये का बकाया माफ किया गया है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने और एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कि यदि सरकार में वास्तव में भ्रष्टाचार उजागर करने का साहस है तो उसे अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मिड डे मील, सड़क निर्माण, अस्पतालों की दवाइयों और मनरेगा जैसी योजनाओं में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में विकास कार्यों के नाम पर भी भारी धन उगाही की गई है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विचारधारा पर चलते हुए सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और सुचिता बनाए रखने के पक्षधर हैं। उन्होंने मांग की कि भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए।

इस दौरान पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी मानवी सिंह, जिला प्रवक्ता एडवोकेट शहजादा चौधरी, जिला महासचिव गौरव गर्ग, यशपाल ढीलोर, सुखपाल गौतम, संजय छाबड़ा, शहर महासचिव खुशनूद अली समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments