हापुड़- ढाबे पर खड़ी पिकअप से उड़ाई थी नकदी, पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन बदमाशों को दबोचा


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर में शिवा ढाबा पर खड़ी पिकअप गाड़ी से नकदी चोरी की वारदात का गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीनबदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की 30 हजार रुपये की नकदी, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता भी खंगाल रही है।

पुलिस के मुताबिक ज़िलें में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान स्याना रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने तीन युवकों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की नकदी और अवैध हथियार बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने शिवा ढाबा पर खड़ी पिकअप से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कादिर उर्फ सोनू निवासी थाना हीमपुर दीपा, बिजनौर, नबील निवासी चांदपुर और इमरान निवासी हल्दौर, बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कादिर उर्फ सोनू हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ हापुड़, गाजियाबाद और बिजनौर में डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास समेत कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बरामदगी को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments