Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। थाना हापुड़ नगर क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी में एक परिवार ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कॉलोनी निवासी विवेक अग्रवाल ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में विवेक अग्रवाल ने बताया कि 30 अगस्त की सुबह करीब सात बजे पड़ोस में रहने वाले अशोक वर्मा समेत उनके परिवार के कई सदस्य उनके घर पर पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान मामला विवाद में बदल गया और आरोपित पक्ष ने उनके तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसके भाई, माता-पिता, बच्चों और भतीजों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान घर में काफी देर तक हंगामा होने से परिवार के लोगों में भय का माहौल बन गया। विवेक के मुताबिक घटना अचानक हुई, जिसके चलते परिवार के सदस्य खुद को संभाल भी नहीं सके।
विवेक अग्रवाल ने पुलिस को यह भी बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुलिस को फुटेज उपलब्ध कराने की बात कहते हुए उसे जांच में शामिल करने का अनुरोध किया है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी मनीष चौहान के अनुसार, शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments