हापुड़- जर्जर प्राथमिक विद्यालयों की बदहाली के खिलाफ आप ने खोला मोर्चा, बीएसए को सौंपा ज्ञापन, धौलाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों में स्कूलों की स्थिति सुधारने की मांग, सीएम चौहान बोले- बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। धौलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में प्राथमिक विद्यालयों की जर्जर और अव्यवस्थित स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी ने शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं धौलाना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सीएम चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयों की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने की मांग की।
ज्ञापन में कमालपुर, नया गांव, इकलैड़ी, पारपा, दहरा, मसौता, भोवापुर, सिखेड़ा, खैरपुर, अचपलगढ़ी समेत विभिन्न गांवों के प्राथमिक विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की गई। साथ ही जर्जर भवनों की मरम्मत, सुरक्षित शौचालय, डेस्क-बेंच, स्वच्छ पेयजल, बिजली-पंखे, प्रकाश व्यवस्था, इंटरलॉकिंग, साफ-सफाई, चारदीवारी और गेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
सीएम चौहान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी बेहतर और सुरक्षित शिक्षा व्यवस्था के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में भवनों की हालत खराब है और बच्चों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि किसी जर्जर भवन या अव्यवस्था के कारण बच्चों के साथ कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने शिक्षा विभाग से सभी चिन्हित विद्यालयों का तत्काल निरीक्षण कराकर समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मिशन कायाकल्प के तहत उपलब्ध धनराशि का पारदर्शी और नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित होना चाहिए।

ज्ञापन में मिड डे मील की स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर काम पूरा कराने की भी मांग की गई।

इस दौरान जिला प्रभारी डॉ. नरेंद्र सोलंकी, जिला संगठन मंत्री उदयवीर शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जोगिंदर दास, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पंकज सैनी, शकील अहमद, इमरान खान, राजीव शर्मा, बुद्ध प्रकाश, एडवोकेट अरुण शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments