Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। धौलाना विधानसभा क्षेत्र-58 में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सपा नेता प्रताप सिंह चौहान ने बुधवार को कस्बा धौलाना पहुंचकर क्षेत्र के सम्मानित साथियों से मुलाकात की और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
सपा नेता प्रताप सिंह चौहान ने हाजी जफर, यामीन, इमरान, फिरोज और गिरीश प्रधान के निवास पर पहुंचकर उनसे भेंट की। इस दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति, क्षेत्र की जनसमस्याओं और संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात के दौरान मौजूद लोगों ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नीतियों और समाजवादी पार्टी की विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन देने का संकल्प व्यक्त किया।
सपा नेता प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर धौलाना विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता से लगातार संवाद और क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर ही विकास की मजबूत नींव रखी जा सकती है।


0 Comments