Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति सामने लाने और विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
पिलखुवा के परतापुर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश प्रवक्ता एवं पश्चिमी प्रांत के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीएम चौहान ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने जिले और विधानसभा क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालयों का जायजा लेंगे। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को सूचीबद्ध कर बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत पत्र और ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सीएम चौहान ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित भवन, स्वच्छ पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, शौचालय और मिड-डे मील जैसी सुविधाएं सुनिश्चित होना जरूरी है। जहां भी खामियां मिलेंगी, वहां संबंधित विभाग से जल्द सुधार कराने की मांग की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता अधिकारियों से समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कराने पर भी जोर देंगे।
बैठक में नगर अध्यक्ष अरुण शर्मा, विनोद सैनी, नीरज अत्रे, शकील अहमद, इमरान खान, चतर सिंह कलुआ, बुद्ध प्रकाश, एडवोकेट विपिन कुमार, मनीष कुमार, उज्ज्वल शर्मा, सुरेंद्र तेवतिया और राजीव शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 Comments