हापुड़- मानदेय बढ़ाने की मांग पर मेडिकल इंटर्नों का प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पहुंचे छात्र, सरस्वती मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन के बाद छात्रों ने डीएम को सौंपा शिकायती पत्र, समस्या के समाधान की मांग

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में इंटर्नशिप कर रहे मेडिकल छात्रों ने मासिक मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में इंटर्न छात्रों ने संस्थान परिसर में एकत्र होकर अपनी मांग को लेकर आवाज उठाई। छात्रों का कहना था कि इंटर्नशिप के दौरान अस्पताल में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें अपेक्षाकृत कम मानदेय दिया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने संस्थान प्रबंधन के समक्ष अपनी मांग रखी और मानदेय में उचित बढ़ोतरी किए जाने की मांग की। छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा। इसके बाद छात्र प्रतिनिधियों और कॉलेज प्रबंधन के बीच बातचीत भी हुई।
बातचीत के बावजूद अपनी मांग को लेकर छात्र जिला प्रशासन के पास पहुंचे। इंटर्न छात्रों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर डीएम को शिकायती पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से छात्रों ने मानदेय से जुड़ी समस्या से अवगत कराते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की।
छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारियों और कार्यभार को देखते हुए मानदेय में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। छात्रों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित समाधान कराने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments