गौतमबुद्धनगर- जर्जर स्कूलों की बदहाली पर आप ने खोला मोर्चा, बीएसए को सौंपा ज्ञापन, एक माह में समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

 
Bureau Report: Gautam Buddha Nagar
गौतमबुद्ध नगर। जिले के सरकारी स्कूलों की कथित बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। जिला अध्यक्ष परशुराम चौधरी और राष्ट्रीय प्रवक्ता सीएम चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जेवर, गौतमबुद्ध नगर और नोएडा विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई स्कूलों के भवन जर्जर हालत में हैं और दीवारें टूटी हुई हैं। कई विद्यालयों में पंखे जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कार्यकर्ताओं ने बच्चों से झाड़ू लगवाने, मिड-डे मील की व्यवस्था, स्कूल बंद होने के बाद परिसर में शराब पीने तथा कुछ विद्यालयों में बाजार लगाए जाने की शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखीं।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सीएम चौहान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी देश के भविष्य हैं और उन्हें सुरक्षित व सम्मानजनक माहौल में शिक्षा मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूलों की जर्जर इमारतों, टूटी दीवारों और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते हैं तो आम आदमी पार्टी इसे लेकर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
आप नेताओं के मुताबिक, बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर युवा प्रदेश अध्यक्ष पंकज अमाना, राहुल सेठ, अनिल चेची समेत गौतमबुद्ध नगर के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments