ग़ाज़ियाबाद- ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत आप ने बीएसए कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन, जर्जर स्कूलों की मरम्मत से लेकर बिजली-पानी और मिड-डे मील की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग


Report By: Nadeem Naqvi 
गाजियाबाद। आम आदमी पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर बीएसए को मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जिले के सरकारी विद्यालयों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को दूर कराने की मांग की गई।
आप के प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्कूलों की जर्जर इमारतों की मरम्मत के साथ स्वच्छ पेयजल, बिजली, पंखे और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने विद्यालयों में खराब फर्श, दीवारों, शौचालय और बाथरूम की स्थिति सुधारने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने कहा कि स्कूल परिसर की सड़क और फर्श ठीक कराने, चहारदीवारी को दुरुस्त करने के साथ बच्चों के लिए मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को किसी भी तरह की मूलभूत सुविधा से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।
ज्ञापन में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी मुकदमों का मुद्दा भी उठाया गया। पदाधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष निमित यादव, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश यादव, हापुड़ ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद सैनी, अजीत सिंह भाटी एडवोकेट, बुद्ध प्रकाश एडवोकेट, शकील अहमद गोस्वामी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments