Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार को हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने एलआईयू और जीआरपी के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन पर विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर यात्रियों, संदिग्ध लोगों और सामान की बारीकी से जांच की।
अचानक हुई चेकिंग से स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए हलचल दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास स्थल और यात्रियों के आसपास मौजूद सामान पर नजर रखी। संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई।
सुरक्षा अभियान के दौरान पुलिस ने यात्रियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के लिहाज से लगातार निगरानी जरूरी है। यात्रियों से अपील की गई कि वे अपना सामान किसी अनजान व्यक्ति के भरोसे न छोड़ें और लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए रेलवे स्टेशन के अलावा होटल, बाजार, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस की ओर से होटल संचालकों को भी आने वाले लोगों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।













0 Comments