हापुड़- हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस का मार्च, गांधी प्रतिमा पर किया सत्याग्रह


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी वाले कार्यक्रम स्थल का गंगाजल से कथित शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में शुक्रवार को हापुड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अतरपुरा चौराहा स्थित नेहरू प्रतिमा पर एकत्र हुए और हाथों में बैनर व कांग्रेस के झंडे लेकर गांधी प्रतिमा तक मार्च निकाला।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा समर्थित हिंदू राइट विंग संगठनों से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी के बाद कार्यक्रम स्थल का गंगाजल से ‘शुद्धिकरण’ किया जाना दलित समाज का अपमान है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल का कथित तौर पर गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना समाज में भेदभाव और विभाजनकारी मानसिकता को दर्शाती है। कांग्रेस ऐसी मानसिकता का विरोध करती है और संबंधित लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग करती है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि कांग्रेस इस कृत्य की कड़ी निंदा करती है। उनके अनुसार, इस तरह की घटनाएं दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और समाज में नफरत तथा विभाजन को बढ़ावा देती हैं।
मार्च के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका परिषद स्थित गांधी प्रतिमा पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने सत्याग्रह किया। इस दौरान “रघुपति राघव राजा राम, सबको सम्मति दे भगवान” का भजन गाकर सद्बुद्धि की कामना की गई।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, एडवोकेट रघुवीर सिंह, सेंसरपाल सिंह, रश्मि चौधरी, बॉबी त्यागी, जितेंद्र सिंह, पूरनमल आनंद, दीपक मोघे, पवनजीत सिंह, सीएल शर्मा, नरेश भाटी, अफजाल आढ़ती, गौरव गर्ग, डालचंद सिंह, रामलाल आर्य, गुलफाम कुरैशी, आईसी शर्मा, कपिल शर्मा, अली मूर्तजा, सिराजुद्दीन, राजकुमार, शहजाद मेवाती, गोपाल भारती, यूसुफ हवारी, महबूब अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments