Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों की सेवा और स्वागत का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को धौलाना विधानसभा-58 में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान ने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए कांवड़ शिविरों में पहुंचकर शिवभक्तों की सेवा की और उनकी यात्रा की सफलता के लिए कामना की।
धौलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर में शिव कांवड़ समिति की ओर से समाना चौकी पर लगाए गए कांवड़ शिविर में पहुंचकर सपा के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान ने कांवड़ियों के दर्शन किए। उन्होंने शिवभक्तों की सेवा में सहयोग स्वरूप धनराशि भी अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सावन के पावन महीने में कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
इसके बाद विधानसभा क्षेत्र में स्थित समाजवादी पार्टी कैंप कार्यालय के माध्यम से कांवड़ यात्रियों की सेवा की गई। प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सेवा और सौहार्द के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए कांवड़ियों की सेवा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनका धर्म और यही उनका राजनीतिक संकल्प है।
वहीं ग्राम नान में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए शिविर में भी प्रताप सिंह चौहान पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों की सुगम यात्रा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया और शिविर में पवित्र शिवलिंग पर जल चढ़ाकर भगवान शिव से धौलाना क्षेत्र की जनता की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।













0 Comments