हापुड़- हेलीकॉप्टर से डीएम-एसपी ने लिया कांवड़ यात्रा मार्गों का जायजा, शिवभक्तों पर की पुष्पवर्षा


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। रविवार को डीएम कविता मीना एवं एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने हेलीकॉप्टर से जनपद हापुड़ के कांवड़ यात्रा मार्गों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही का जायजा लिया।
हवाई निरीक्षण के दौरान थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के छपकोली शिव मंदिर तथा थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट पहुंचने पर डीएम और एसपी ने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिवादन किया। अधिकारियों ने शिवभक्तों की आस्था और उत्साह का सम्मान करते हुए उनकी कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं मंगलमय संपन्न होने की कामना की।
डीएम कविता मीना ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। उन्होंने शिवभक्तों से निर्धारित मार्गों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
हेलीकॉप्टर से किए गए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सकुशल समापन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Post a Comment

0 Comments