Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। धौलाना विधानसभा-58 में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान की बढ़ती सक्रियता इन दिनों क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। लगातार जनसंपर्क के साथ सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी भी नजर आ रही है। इसी क्रम में प्रताप सिंह चौहान सपनावत गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे डाक कांवड़ यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
सपनावत पहुंचने पर उन्होंने कांवड़ यात्रियों से बातचीत की और यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों से भी उन्होंने संवाद किया।
प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। कांवड़ यात्रियों की सेवा और सम्मान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यात्रा के दौरान शिवभक्तों को हरसंभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि डाक कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए क्षेत्र में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आने वाले दिनों में शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया जाएगा और उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
वहीं, प्रताप सिंह चौहान की लगातार बढ़ती जनसक्रियता को राजनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। धौलाना विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय मौजूदगी के चलते उनकी गतिविधियां स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।













0 Comments