हापुड़- कर्ज में डूबे युवक ने रची पांच लाख रुपये लूट की झूठी कहानी, पुलिस को दी थी लूट की फर्जी सूचना, हाफिजपुर पुलिस ने खोला राज, गाड़ी के पाइप में नकदी छिपाकर कर दी थी वेल्डिंग, मोबाइल और कैंटर समेत पांच लाख रुपये बरामद


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना हाफिजपुर पुलिस ने पांच लाख रुपये की फ़र्ज़ी लूट की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फ़र्ज़ी लूट की बताई गई पूरी पांच लाख रुपये की नकदी, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और कैंटर बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कर्ज के दबाव में फर्जी लूट की कहानी गढ़ने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार, अपराध की रोकथाम और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हाफिजपुर पुलिस ने फ़र्ज़ी लूट मामले की जांच की। जांच के दौरान पुलिस को घटना की सूचना और परिस्थितियों पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने छानबीन करते हुए ग्राम उबारपुर नाले के पास से आरोपी गुलहसन पुत्र गुलशेर निवासी रामपुर मानपुर, थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उस पर काफी कर्ज था। इसी कारण उसने पांच लाख रुपये की फ़र्ज़ी लूट होने की झूठी सूचना दी। आरोपी ने बताया कि उसने खुद ही पांच लाख रुपये कैंटर के डाले में लगे पाइप के अंदर छिपा दिए थे और पाइप के मुंह पर वेल्डिंग कर दी थी, ताकि नकदी किसी को दिखाई न दे।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पाइप के अंदर छिपाई गई पांच लाख रुपये की शत-प्रतिशत नकदी बरामद कर ली। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और कैंटर भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि हाफिजपुर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये की लूट की फर्जी सूचना देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कर्ज के चलते स्वयं ही रकम छिपाकर चोरी की झूठी कहानी बनाई थी। उसकी निशानदेही पर पूरी पांच लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और कैंटर बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments