हापुड़- मदरसे में गूंजा शिक्षा और बदलाव का संदेश, सपा नेता प्रताप सिंह चौहान ने बच्चों के भविष्य के लिए बढ़ाया मदद का हाथ


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। विधानसभा क्षेत्र धौलाना (58) के ग्राम नाहल स्थित मदरसे में रविवार को समाजवादी पार्टी के नेता प्रताप सिंह चौहान पहुंचे। मदरसा कमेटी और युवा साथियों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान चौहान ने मदरसे में अध्ययनरत बच्चों की बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किया गया निवेश समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करता है। उन्होंने कहा, “हमारे बच्चों का भविष्य ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, अच्छे संसाधन और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद संस्थानों की मदद करना केवल सहयोग नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।”
चौहान ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना जरूरी है। इसी क्रम में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं से भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने युवाओं से क्षेत्र के विकास, शिक्षा, रोजगार और भविष्य की प्राथमिकताओं को लेकर सुझाव लिए।
मदरसा कमेटी एवं ग्रामीणों ने शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग देने पर चौहान का आभार जताया। कार्यक्रम में मदरसे के संचालक आमिर साहब, कमेटी सदस्य साजिद, जाकिर हुसैन, साबिर एडवोकेट, नौशाद चौधरी, हाकिम, पूर्व प्रधान इद्रीश सहित बड़ी संख्या में युवा एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
चौहान ने कहा कि धौलाना की जनता से उनका रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का है।

Post a Comment

0 Comments