हापुड़- भारतीय जनता दल के कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन विस्तार पर मंथन


Report By: Sakib Rana 
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प, आगामी चुनावों की तैयारियों पर बनी रणनीति

हापुड़। भारतीय जनता दल के बैनर तले हापुड़ नगर में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव जगबीर सिंह ने की, जबकि राष्ट्रीय महासचिव विनोद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मुख्य महासचिव जगबीर सिंह ने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करें तथा जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को पहुंचाएं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।

संगठन में महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा

सम्मेलन के दौरान पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई। महताब अली और बादशाह खान को राष्ट्रीय सचिव, शाहनवाज खान को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष, इरशाद को हापुड़ जिला अध्यक्ष तथा इरफान ठेकेदार को गाजियाबाद जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए जगबीर सिंह ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटेंगे तथा पार्टी के विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव विनोद कुमार शर्मा ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में सफलता के लिए संगठन की एकजुटता, अनुशासन और निरंतर मेहनत सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन में हाजी मोमिन, कालू चाचा, सलीम, आबिद, नसीम, फिरोज, अंकित कुमार और हाजी तरीकत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।




विज्ञापन 


Post a Comment

0 Comments