हापुड़- स्वतंत्रता दिवस से पहले दिनेश नगर सोसाइटी में विवाद गहराया, पुलिस से सुरक्षा की मांग



पिलखुवा। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिनेश नगर सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क और प्रबंधन समिति की वैधता को लेकर चल रहा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। सोसाइटी की AOA कमेटी के सचिव और सदस्यों की ओर से थाना पिलखुवा में शिकायत देकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोसाइटी के एक व्यक्ति द्वारा प्रबंधन संबंधी विवादित आदेश जारी किए जा रहे हैं। कमेटी पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासनिक एवं बिलिंग कर्मचारियों के कार्यालय में पहुंचकर कथित तौर पर दबाव बनाया गया तथा उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी दिए जाने से कर्मचारियों में भय का माहौल है।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी दावा किया है कि संबंधित व्यक्ति को पूर्व में निरोधात्मक कार्यवाही के तहत पाबंद किया गया था और उसके बावजूद शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां किए जाने का आरोप है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बताया गया कि सोसाइटी में पद की वैधता को लेकर मामला मेरठ मंडल आयुक्त न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में एकतरफा निर्णय लिए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया है।

कमेटी पदाधिकारियों ने 15 अगस्त के मद्देनजर किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए थाना प्रभारी से निरोधात्मक कार्रवाई, कर्मचारियों की सुरक्षा और सोसाइटी में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments