हापुड़- 350 से ज्यादा तिरंगों से सजेगा जिला अस्पताल, मरीजों के बीच भी मनाया जाएगा आजादी का जश्न


Report By: Sakib Rana 
हापुड़। स्वतंत्रता दिवस को लेकर हापुड़ के जिला अस्पताल में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार अस्पताल परिसर को देशभक्ति के रंग में सजाने के साथ मरीजों और उनके तीमारदारों को भी राष्ट्रीय पर्व के उत्सव से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में 350 से अधिक तिरंगे लगाए जा रहे हैं।

मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर ओपीडी, इमरजेंसी, महिला अस्पताल और प्रशासनिक भवन की गैलरियों तक तिरंगे और आकर्षक रोशनी लगाई जा रही है। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि स्वतंत्रता दिवस पर पूरा परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आए।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार 15 अगस्त की सुबह निर्धारित कार्यक्रम के तहत ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान और देशसेवा की शपथ का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

मरीजों के बीच बांटे जाएंगे फल और मिठाई

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी राष्ट्रीय पर्व की खुशियों में शामिल किया जाएगा। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद विभिन्न वार्डों में मरीजों को फल, बिस्कुट और मिठाई वितरित की जाएगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच सकारात्मक माहौल बनाने के साथ उनमें देशप्रेम की भावना को मजबूत करना है।

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।



विज्ञापन 

Post a Comment

0 Comments