हापुड़- अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर जिला अस्पताल में एचआईवी/ऐड्स जागरूकता अभियान


Report By: Sakib Rana 
हापुड़। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर संयुक्त चिकित्सालय हापुड़ में एचआईवी/ऐड्स जागरूकता अभियान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को एचआईवी/ऐड्स के प्रति जागरूक करना तथा बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हेमलता सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. सबा खान एवं जिला कॉर्डिनेटर मनोज कुमार गौतम ने फीता काटकर किया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से एड्स मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटक और कठपुतली शो ने किया जागरूक

अभियान के दौरान पपेट ग्रुप ऑफ हापुड़ के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक एवं कठपुतली शो प्रस्तुत किया। कलाकारों ने मनोरंजक एवं सरल अंदाज में एचआईवी/ऐड्स के कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी। प्रस्तुति देखने के लिए अस्पताल परिसर में मरीजों, तीमारदारों एवं स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी।

काउंसलर्स ने दी वैज्ञानिक जानकारी

जिला संयुक्त चिकित्सालय के आईसीटीसी सेंटर में वरिष्ठ परामर्शदाता कमलदीप, अशोक कुमार एवं संगीता रानी ने लोगों की व्यक्तिगत काउंसलिंग की। उन्होंने कहा कि एचआईवी/ऐड्स के प्रति जागरूकता के साथ समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को समाप्त करना भी जरूरी है।

लैब टेक्नीशियन विपिन कुमार एवं शिवम कुमार ने लोगों को रक्त जांच तथा समय पर जांच कराने के महत्व की जानकारी दी। वहीं पपेट ग्रुप के मुख्य कलाकार अरविंद कुमार ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को एड्स से बचाव का संदेश दिया।

मरीजों और आमजन ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

स्वास्थ्य शिविर में अस्पताल पहुंचे मरीजों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने चिकित्सकों और काउंसलर्स से एचआईवी/ऐड्स से संबंधित सवाल पूछकर वैज्ञानिक एवं सही जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और युवाओं में जागरूकता बढ़ाकर एचआईवी/ऐड्स के संक्रमण को रोकने तथा स्वस्थ समाज का निर्माण करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को एचआईवी/ऐड्स के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई।

Post a Comment

0 Comments