हापुड़- भाईचारे के संदेश के साथ सपा सम्मेलन में जुटे कार्यकर्ता, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर



Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। समाजवादी पार्टी की ओर से गढ़मुक्तेश्वर के सलारपुर-पलवाड़ा रोड स्थित चित्तौड़ा कैंप कार्यालय पर आयोजित भाईचारा सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी मौजूदगी रही। कार्यक्रम का आयोजन सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान के नेतृत्व में किया गया। सम्मेलन में पार्टी की मजबूती, सामाजिक सौहार्द और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक कमाल अख्तर ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती केवल बड़े नेताओं से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से होती है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी विश्वास और भाईचारे का माहौल मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और संगठन की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सपा किसानों, मजदूरों, युवाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को लगातार उठाती रही है।
सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व राज्यमंत्री आकिल मुर्तजा ने भी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम है।
एडवोकेट सुधीर चौहान ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज में भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं से मिल रहा समर्थन उन्हें लगातार जनसमस्याओं के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाते रहेंगे।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments