Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जंतर-मंतर पर स्वर्ण समाज के आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर ब्रह्म समर्पित ब्राह्मण महा सभा भारत ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने दिल्ली पुलिस पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ बल प्रयोग और गिरफ्तारी करने का आरोप लगाते हुए घटना की निंदा की है।
संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 21 अगस्त को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण व्यवस्था में सुधार और सभी वर्गों को समान अधिकार देने की मांग को लेकर स्वर्ण समाज के लोग शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में कई लोग घायल हुए और प्रदर्शन को समाप्त कराने का प्रयास किया गया।
संगठन ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने तथा प्रदर्शनकारियों की मदद करने में स्वामी आनंद स्वरूप जी महाराज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठन ने उनका आभार भी जताया।
पदाधिकारियों के अनुसार, इसी घटनाक्रम के विरोध में 30 अगस्त को मध्य प्रदेश स्थित भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव में महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के करीब 200 ब्राह्मण संगठनों के अध्यक्ष, महामंत्री और स्वर्ण समाज के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित नानक चंद शर्मा ने कहा कि गरीब सवर्णों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार ने जल्द न्यायपूर्ण कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर तेज किया जाएगा। इस दौरान विक्की शर्मा, निशांत शर्मा, बिट्टू शर्मा, भरत लाल शर्मा, प्रवीण शर्मा, कपिल शर्मा, रजत शर्मा, सौरभ शर्मा, मुकेश अग्रवाल और सुमित शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 Comments