हापुड़- भोले बाबा मंदिर उद्घाटन में गूंजा सपा के समर्थन का स्वर, नारायणपुर में ग्रामीणों ने जताया अटूट विश्वास


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। विधानसभा क्षेत्र धौलाना-58 के ग्राम नारायणपुर में रविवार को नवनिर्मित भोले बाबा मंदिर का उद्घाटन धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, वाल्मीकि समाज के लोग, महिलाएं, युवा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज और स्थानीय ग्रामीणों ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान का फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत होकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम नारायणपुर के लोगों ने जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया है, वह उनके लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह उन्हें क्षेत्र की सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि गांव के बुजुर्गों, नौजवानों तथा माताओं-बहनों से विभिन्न स्थानीय समस्याओं और क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में हाथ उठाकर समाजवादी पार्टी के प्रति अपना विश्वास और समर्थन व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनता का यह भरोसा समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर लोगों के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर धौलाना विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र की सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाओं और सभी वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम का समापन मंदिर परिसर में मौजूद लोगों से संवाद और क्षेत्र के विकास को लेकर विचार-विमर्श के साथ हुआ। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी उनके समक्ष रखा।
इस अवसर पर ललित राणा (नारायणपुर), मनोज तोमर (गालंद), रामावतार सिंह (सपनावत), आकाश सिसोदिया, कैलाश चंद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वाल्मीकि समाज के गणमान्य लोग तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments