गोमुख के पवित्र गंगाजल से सावन के पहले सोमवार पर बाबा केदारनाथ का जलाभिषेक, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा धाम


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। सावन मास के पहले सोमवार के पावन अवसर पर हापुड़ से गए शिवभक्तों के जत्थे ने गोमुख से लाए पवित्र गंगाजल से बाबा केदारनाथ ज्योतिर्लिंग का विधि-विधान के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरे केदारनाथ धाम में 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से देश की सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
शिवभक्तों का जत्था 23 जुलाई को हापुड़ स्थित श्री मां मंशा देवी मंदिर से रवाना हुआ था। करीब 380 किलोमीटर की दुर्गम पैदल यात्रा पूरी करते हुए श्रद्धालु पहले गोमुख पहुंचे, जहां से मां गंगा का पवित्र जल लिया। इसके बाद गंगनानी, बेलक बुग्याल, बुढाकेदार, भैरव चट्टी, घुत्तू, पवाली कांडा और त्रियुगीनारायण जैसे कठिन पर्वतीय मार्गों से होकर सभी श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे।
सावन के पहले सोमवार की प्रातःकालीन पूजा के दौरान गोमुख से लाए गए गंगाजल से बाबा केदारनाथ का जलाभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया और श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी।
शिवभक्त महेश तोमर ने बताया कि गोमुख मां गंगा का उद्गम स्थल है और वहां से लाए गए जल से सावन के पहले सोमवार को बाबा केदारनाथ का अभिषेक करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा अत्यंत कठिन रही, लेकिन बाबा भोलेनाथ की कृपा से सभी श्रद्धालुओं ने सफलतापूर्वक यात्रा पूरी कर जलाभिषेक किया।

इस पवित्र यात्रा में महेश तोमर, सुरेंद्र कुमार, सुनील शर्मा, हरेंद्र तोमर, नगेंद्र बाना, बंटी सिंह, सोनू सैनी, राहुल, प्रशांत सहित अन्य शिवभक्त शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने यात्रा की सफलता पर भगवान शिव का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख, शांति और मंगल की कामना की।

Post a Comment

0 Comments