हापुड़- धौलाना में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, शहीद स्तम्भ पर 14 अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर विधानसभा धौलाना (58) में समाजवादी पार्टी के कैम्प कार्यालय से धौलाना स्थित शहीद स्तम्भ तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं गौतमबुद्ध नगर के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान ने किया। यात्रा शहीद स्तम्भ पहुंची, जहां उन्होंने सन् 1857 की क्रांति में देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरभूमि ‘साठा चौरासी’ के 14 महान अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इन शहीदों को अंग्रेजी हुकूमत द्वारा फांसी दी गई थी।
इस अवसर पर प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीद हुए वीरों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग और संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत सदस्य हरिओम चौहान, आकाश सिसोदिया, शक्ति राणा, भूपेन्द्र तोमर, राजा सिसोदिया, शंकर, गोपाल राणा, रविन्द्र यादव, मोनू, रोहित, प्रशांत, प्रिंस चौहान, विजय चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
इस दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में नजर आया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments