हापुड़- गुरु पूर्णिमा पर धौलाना से सपा नेता प्रताप सिंह चौहान का सरकार पर बड़ा हमला, गौ संरक्षण से लेकर शिक्षा व्यवस्था तक उठाए सवाल

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर धौलाना विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की धूम रही। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित भंडारों में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान ने पहुंचकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया तथा सेवा कार्यों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने गांव समाना में ग्रामीणों के साथ मंदिर के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रताप सिंह चौहान ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है और समाज को गुरु परंपरा से प्रेरणा लेकर सेवा, संस्कार और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि गौ संरक्षण को लेकर सरकार के दावे जमीनी स्तर पर सफल दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए तथा गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग दोहराई।
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मुद्दे पर प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान से जुड़े निर्णय लेते समय वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य करने के बजाय राजनीतिक टकराव को बढ़ावा दे रही है।
धौलाना विधानसभा की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कई सरकारी विद्यालयों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें जर्जर हैं, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है और विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
प्रताप सिंह चौहान ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव प्रदेश की कमान संभालेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




विज्ञापन 

Post a Comment

0 Comments