Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। पिलखुवा स्थित जीएस विश्वविद्यालय के जीएनएम एवं बीएससी नर्सिंग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'युवा चेतना' कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता कर्नल सचिन कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके युवाओं की सोच, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने, देशहित को सर्वोपरि रखने और समाज के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार और अनुशासन ही सफल जीवन की वास्तविक पहचान हैं।
विशिष्ट अतिथि नायब सूबेदार राजेश ने सेना के अनुभव साझा करते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा केवल सीमा पर तैनात सैनिकों का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने कार्य के माध्यम से देश के विकास में योगदान दे सकता है। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केपी सिंह ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जागरूक, शिक्षित और संस्कारित युवा ही विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व विकास और सामाजिक सरोकारों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हिमाद्री कलिता, रविकांत शर्मा, शिवम कुमार, दीपा, मोनिका पाल सहित विभाग के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विज्ञापन













0 Comments