हापुड़- रिहायशी कॉलोनी में संचालित अस्पताल व डायग्नोस्टिक सेंटर के विरोध में फूटा जनाक्रोश, कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी


Report By: Nadeem Naqvi 
राजेंद्र नगर-अमरदीप कॉलोनी के लोगों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, अवैध निर्माण, पार्किंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के लगाए आरोप

हापुड़। शहर की प्रमुख आवासीय कॉलोनियों राजेंद्र नगर और अमरदीप कॉलोनी में कथित रूप से रिहायशी क्षेत्र के बीच संचालित अस्पताल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को राजेंद्र नगर-अमरदीप कॉलोनी जन कल्याण समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के उपरांत डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।

ज्ञापन में स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि संबंधित अस्पताल का निर्माण आवासीय भवन के स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया गया है और स्वास्थ्य विभाग व अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े आवश्यक नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार का संस्थान संचालित होने से आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रभावित हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में संचालित डायग्नोस्टिक सेंटर में सीमित स्थान पर भारी चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं, जिनके संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में सुरक्षा संबंधी आशंकाएं बनी हुई हैं। उनका दावा है कि संबंधित संस्थान आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों के बिना संचालित किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कॉलोनी की सड़कों पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे यातायात बाधित रहता है और कई बार स्थानीय लोगों तथा वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो चुकी है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है तथा प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर भी मामला दर्ज कराया गया था। उनका आरोप है कि शिकायत का निस्तारण कागजों में दिखा दिया गया, जबकि मौके पर अब भी अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन जारी है।

समिति ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण एवं संचालन पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कॉलोनीवासी भूख हड़ताल सहित व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।

धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति अध्यक्ष तरुण बाटला, सचिव सचिन जिंदल, महेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, रवि अरोरा, यश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments