Report By: Nadeem Naqvi
दमकल, पुलिस और अस्पताल स्टाफ की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, कारणों की जांच शुरू
हापुड़। देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल में सोमवार तड़के आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रथम दृष्टया आग की वजह अस्पताल के एक कमरे में लगे एसी में हुई तकनीकी खराबी अथवा ब्लास्ट बताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल की पहली मंजिल धुएं से भर गई, लेकिन दमकल विभाग, पुलिस और अस्पताल कर्मचारियों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया।
रात करीब दो बजे सूचना मिलते ही हापुड़ और पिलखुवा फायर स्टेशन से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन अधिकारियों ने विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ धुएं से भरे भवन में प्रवेश कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सबसे पहले अस्पताल में भर्ती 32 मरीजों और तीन नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे ब्लॉक के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया गया। इसके अलावा ऊपरी मंजिल पर मौजूद करीब 20 अन्य लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकते हुए कड़ी मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह काबू पा लिया। अस्पताल में भरे धुएं को स्मोक एग्जॉस्टर की मदद से बाहर निकाला गया, जिसके बाद हालात सामान्य हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एसी में खराबी के बाद आग लगने की बात सामने आई है। वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है। समय पर किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते किसी भी मरीज या कर्मचारी को नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया।













0 Comments