हापुड़- सैफई पहुंचकर सुधीर चौहान ने नेताजी को किया नमन, मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान सैफई पहुंचे। उन्होंने नेताजी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक जीवन, संघर्ष तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए गए कार्यों को स्मरण किया।

इस दौरान एडवोकेट सुधीर चौहान ने कहा कि मुलायम सिंह यादव केवल समाजवादी पार्टी के संस्थापक ही नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के लिए संघर्ष और सामाजिक सरोकारों की राजनीति के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। उनके विचार और संघर्ष समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

उन्होंने कहा कि नेताजी ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया। आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके बताए सिद्धांतों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जाए।

सुधीर चौहान ने कहा कि नेताजी का जीवन आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष, सादगी और जनसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उनके विचारों को आत्मसात कर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने की दिशा में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

सैफई में श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान उन्होंने मुलायम सिंह यादव की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

0 Comments