हापुड़- अंडरपास निर्माण ने बढ़ाई मुसीबत, जलभराव और गंदे पानी से पहलाद नगर-सद्दीकपुरा के हज़ारों लोग बेहाल, बोले-निकासी नहीं सुधरी तो होगा आंदोलन


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। पिलखुवा के परतापुर रोड पर निर्माणाधीन अंडरपास अब पहलाद नगर और सद्दीकपुरा के हज़ारों लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। अंडरपास निर्माण के चलते नाले की निकासी बाधित होने से दोनों मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदा पानी घरों के आसपास जमा होने के साथ कई स्थानों पर घरों तक पहुंच गया है। वहीं, पेयजल भी दूषित आने की शिकायत से लोगों में रोष है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान, नगर अध्यक्ष अरुण शर्मा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर अंडरपास निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें जलनिकासी और दूषित पेयजल की समस्या से अवगत कराया। लोगों ने कहा कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है और बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
आप के प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने कहा कि विकास कार्य के नाम पर लोगों की मूलभूत सुविधाओं से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। अंडरपास का निर्माण जरूरी है, लेकिन इसके कारण यदि दो मोहल्लों के लोग जलभराव और दूषित पेयजल की समस्या झेल रहे हैं तो नगर पालिका को तत्काल इसका स्थायी समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी के साथ स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी नगर पालिका के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेगी।
उन्होंने बताया कि अंडरपास को लेकर रेलवे अधिकारियों से भी बातचीत की गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि करीब एक माह के भीतर छोटे वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खोलने का प्रयास किया जाएगा। इससे आसपास के करीब 12 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।
इस दौरान अरुण शर्मा, नीरज अत्रे, विनोद सैनी, इंद्रजीत सिंह, इमरान खान, वीरसेन शर्मा, उस्मान सैफी, आस मोहम्मद, आरिफ मलिक, चमन लाल, शमीम सिद्दीकी, शकील अहमद, बुद्ध प्रकाश, एडवोकेट सुनील कुमार, राजीव शर्मा रेशमा, शकीला समेत अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments