Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को सपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हवन कर नेताजी की पुण्य आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के बाद सपा कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं के अनुसार, एनएच-9 के रास्ते दिल्ली जाते समय पिलखुवा टोल प्लाजा पर पहले से तैनात पुलिस बल ने जिला अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रोक लिया। सपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।
जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर ने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस तंत्र का इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए दिल्ली जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसी कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को प्रभावित करने के लिए कई पदाधिकारियों को उनके घरों पर नजरबंद किया गया था। इसके बावजूद कार्यकर्ता जिला कार्यालय पहुंचे और नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री भूषण, शरद त्यागी, तेजपाल प्रमुख, प्रीति रानी, अफसाना चौधरी, रेशमा अंसारी, पुरुषोत्तम वर्मा, राजेश यादव, आस मोहम्मद, फारूक प्रधान, मोहम्मद बिलाल, अब्दुल चौधरी, सलमान, ऋषभ त्यागी, संदीप, जावेद सैफी, मुकेश कोरी, प्रियांक त्यागी, श्याम सुंदर और संजय सिंह यादव समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 Comments