Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। शिवगढ़ी मोहल्ले में मुख्य नाले के स्वरूप से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि करीब 30 से 40 फीट चौड़े नाले में पाइप डालकर उसके बहाव क्षेत्र को महज आठ फीट तक सीमित करने का प्रयास किया जा रहा था। लोगों ने इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ने और आसपास के इलाकों में परेशानी होने की आशंका जताई।
मामले की जानकारी मिलने पर नगर पालिका परिषद की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से नाले में डाले गए पाइप बाहर निकलवा दिए। कार्रवाई के दौरान निर्माण कराने वाले पक्ष और पालिका अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, यह नाला करीब 10 से 15 मोहल्लों की जल निकासी व्यवस्था से जुड़ा है। उनका कहना है कि नाले का रास्ता संकरा होने से बरसात के समय पानी की निकासी प्रभावित हो सकती है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नाले की जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। हालांकि जमीन की कीमत और कथित कब्जे से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


0 Comments