हापुड़- 55 लाख के कपड़ों से भरा कैंटर लूटने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल समेत पांच बदमाश गिरफ्तार

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कपड़ों से भरे कैंटर की लूट की वारदात का हापुड़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जनपदीय स्वाट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की पलवाड़ा रोड पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर और उसमें लदा करीब 55 लाख रुपये कीमत का पूरा माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27/28 सितंबर की रात बलवापुर-बृजघाट रोड पर बदमाशों ने कैंटर को रोककर चालक और हेल्पर को बंधक बना लिया था। इसके बाद दोनों को कार में डालकर अमरोहा क्षेत्र में छोड़ दिया और जैकेट बनाने वाले कपड़े से भरा कैंटर लेकर फरार हो गए थे। मामले में गढ़मुक्तेश्वर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार जावेद निवासी असमौली, हाल निवासी मुरादाबाद घायल हुआ। उसके साथ अजीम, अमन, फरदीन और सुबहान निवासी मुरादाबाद को पकड़ा गया। जावेद और अजीम के खिलाफ दिल्ली के अलावा मुरादाबाद और संभल में हत्या, चोरी व आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कैंटर, उसमें लदा शत-प्रतिशत माल, दो तमंचे, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कैंटर लूट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की थी। स्वाट टीम और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ और उसके चार साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर और करीब 55 लाख रुपये कीमत का पूरा माल बरामद होना पुलिस की बड़ी सफलता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर लूट की घटना में शामिल अन्य लोगों और उनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


Post a Comment

0 Comments