Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विद्यार्थियों को अब शिक्षा के साथ एनसीसी प्रशिक्षण हासिल करने का अवसर मिलेगा। संस्थान को राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की 160 सीटें आवंटित की गई हैं। सीटों के आवंटन की जानकारी देने के लिए 38 एनसीसी बटालियन हापुड़ के कमान अधिकारी कर्नल विजयंत शारदा और मेजर संजय धामा संस्थान पहुंचे।
एनसीसी की सीटें मिलने की जानकारी से संस्थान में उत्साह का माहौल रहा। एनसीसी प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, टीम भावना और जिम्मेदारी जैसे गुणों को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही कैडेट्स को प्रशिक्षण शिविरों और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कर्नल विजयंत शारदा ने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके प्रशिक्षण से उनमें अनुशासन और नेतृत्व के साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से एनसीसी के माध्यम से मिलने वाले अवसरों का गंभीरता से लाभ उठाने का आह्वान किया।
संस्थान के फाउंडर चेयरमैन राकेश सिंघल, वाइस चेयरमैन डॉ. हिमांशु सिंघल, सचिव डॉ. रोहन सिंघल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल और महानिदेशक प्रो. डॉ. सुभाष गौतम ने इसे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। संस्थान की ओर से कहा गया कि एनसीसी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
संस्थान ने बताया कि एनसीसी का अनुभव रक्षा सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में करियर की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हो सकता है। हालांकि किसी भी भर्ती में छूट या प्राथमिकता संबंधित भर्ती के समय लागू आधिकारिक नियमों के अनुसार ही होगी। एनसीसी शुरू कराने की दिशा में पुस्तकालय अध्यक्ष अनुज त्यागी के योगदान की भी सराहना की गई।


0 Comments