Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। पिलखुवा देहात क्षेत्र में करीब 40 वर्षों से आयोजित हो रहा जाहरवीर मेला इस बार भी पूरे उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मेले में आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचकर जाहरवीर बाबा के दरबार में माथा टेक रहे हैं। मेला परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ बनी हुई है।
मेले में बड़े-बड़े झूले, रागिनी प्रतियोगिता, कीर्तन, मौत का कुआं और अन्य मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं चाट-पकौड़ी, मिठाई और खान-पान की विभिन्न दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आ रही है। मेला 21 सितंबर तक चलेगा।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं मेला अध्यक्ष सीएम चौहान ने कहा कि जाहरवीर मेले की परंपरा क्षेत्र में करीब चार दशक से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि यह मेला धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और मेले की रौनक बढ़ाते हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और मनोरंजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन के सहयोग की भी सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है। मेले में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी पहुंच रहे हैं। समिति के डॉ. रामभूल सिंह, ऋषिपाल तोमर, हरिओम चौहान, लखन तोमर, रामकुमार तोमर, विभीषण तोमर, जितेंद्र तोमर, अजय तोमर और मुकेश तोमर आदि व्यवस्थाओं में जुटे रहे।


0 Comments