हापुड़- मोनाड विश्वविद्यालय में ‘आशीर्वाद का दीया’ से रोशन हुआ सेवा और संकल्प का संदेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर विश्वविद्यालय परिवार ने लिया सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मोनाड विश्वविद्यालय परिसर में सेवा और सामाजिक जागरूकता को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम से आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार ने दीप प्रज्वलित कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति डॉ. एम. जावेद, कुलसचिव कर्नल डीपी सिंह, नशा मुक्ति भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. मूल राज सिंह तथा अपर कुलसचिव सुहैल अहमद ने भगवान शिव के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य जैसे विषयों को प्रमुखता से सामने रखा गया।
कुलपति डॉ. एम. जावेद ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का माध्यम भी है। विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रहित की भावना विकसित करना शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ समाज में सकारात्मक सोच और सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. रितु चिक्कारा, डॉ. मोहित गौतम, ममतेश सोलंकी, डॉ. आरबी सिंह, अखिलेश कुमार पाण्डेय, सुजीत कुमार, विपुल चौधरी, रवि और प्रीति तोमर समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments