हापुड़- जाहरवीर मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, दतेंडी में जुटे हजारों श्रद्धालु, चार दशक पुरानी परंपरा ने फिर बिखेरी आस्था की छटा


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। पिलखुवा क्षेत्र के गांव दतेंडी में श्री जाहरवीर मेले का धूमधाम से आयोजन किया गया। मेले में आसपास के गांवों के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर मेले में लोगों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने श्री जाहरवीर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मेले में लगी विभिन्न दुकानों से खरीदारी की।
मेला अध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने बताया कि श्री जाहरवीर मेला समिति की ओर से पिछले करीब 40 वर्षों से मेले का आयोजन परंपरागत रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना है। वर्षों से आयोजित हो रहे इस मेले में आसपास के ग्रामीणों के अलावा दूर-दराज से भी लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की गईं।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन का भी सहयोग मिला और मेला स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
मेला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति के सदस्य लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। श्रद्धालुओं से भी मेले में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
मेले में मेला संस्थापक डॉ. राम भूल सिंह तोमर, प्रवक्ता एवं ऑडिटर ऋषिपाल सिंह तोमर एडवोकेट, ग्राम प्रधान विभीषण तोमर, कोषाध्यक्ष रामकुमार तोमर, प्रबंधक हरिओम चौहान, उपाध्यक्ष लाखन सिंह तोमर, अजय तोमर, सांग इंचार्ज लोकेश तोमर सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments