Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। विधानसभा धौलाना-58 के कपूरपुर गांव में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य रेस प्रतियोगिता टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेता एवं धौलाना क्षेत्र से जुड़े प्रताप सिंह चौहान ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन आशीष राणा के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जीत को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। समापन अवसर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को सपा नेता प्रताप सिंह चौहान द्वारा साइकिल, बैडमिंटन किट और नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देता है। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने और प्रदेश व देश स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने आयोजकों को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।


0 Comments