Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में फायरिंग के दौरान युवक दीपक की मौत के मामले में शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस ने गांव में कानून-व्यवस्था और पीड़ित परिवार की सुरक्षा का हवाला देते हुए सपा प्रतिनिधिमंडल को आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
सपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मृतक दीपक के परिजनों से मुलाकात करने बदनौली जा रहे थे। गांव के नजदीक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। सपा नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि शोक संवेदना व्यक्त करने और पीड़ित परिवार का हाल जानने जा रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा आगे जाने की अनुमति नहीं दिए जाने पर मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल शांतिपूर्ण तरीके से परिवार से मिलने जा रहा था। ऐसे में रास्ते में रोकना उचित नहीं है। पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
सपा नेता प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि बदनौली की घटना बेहद गंभीर और दुखद है। मृतक के परिवार को न्याय और सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता केवल पीड़ित परिवार का दुख बांटने और उनका हाल जानने जा रहे थे। प्रतिनिधिमंडल को रास्ते में रोकना दुर्भाग्यपूर्ण है।


0 Comments