Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। भारतीय ज्योतिष कर्मकांड महासभा द्वारा प्रधान कार्यालय पर 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासभा अध्यक्ष ज्योतिर्विद पंडित केसी पाण्डेय काशी वाले ने कहा कि भारत अनेकता में एकता का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करने वाला देश है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और लाखों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान के बाद मिली आजादी को आपसी सद्भाव, सहयोग, परिश्रम और योगदान के माध्यम से धर्मयुक्त, विकसित एवं खुशहाल भारत राष्ट्र का निर्माण करके ही सार्थक किया जा सकता है। यही वीर शहीदों के सपनों को साकार करने की दिशा में सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, वीर सावरकर सहित लाखों स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर महासभा के विद्वानों ने स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में समन्वयक पंडित अजय पाण्डेय, महामंत्री अनिशा सोनी पाण्डेय, संगठन मंत्री पंडित जगदम्बा शर्मा, मंत्री पंडित देवी प्रसाद तिवारी, प्रचार मंत्री पंडित शैलेन्द्र मिश्रा शास्त्री, पंडित अजय त्रिपाठी सहित कार्यकारिणी के विद्वान पंडित शिवम शुक्ला, पंडित शैलेन्द्र अवस्थी, पंडित अनिल कुमार शुक्ला, पंडित उमेश शर्मा, भरत श्रीहान, ऐश्वर्या समेत अनेक लोग मौजूद रहे।













0 Comments